Pages

10 अक्टूबर 2017

मां की उपमा केवल है, मां सचमुच भगवान है.

ये बताते हुए मन बहुत आहत है कि....
दिनांक 8 अकतुबर 2017 को....
हमारे इस कविता  मंच की रचनाकार  आदरणीय पमी बहन की पूजनीय माता जी का अक्समात निधन हो गया....
उन्हें मैं अश्रुपूरित श्रद्धांजली अर्पित करता हूँ
एवं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ
कि शोक संतप्त बहन पमी जी  व परिवार को
इस असीम दुःख को सहने की  क्षमता प्रदान करे


1. मां: जगदीश व्योम

मां कबीर की साखी जैसी,
तुलसी की चौपाई-सी,
मां मीरा की पदावली-सी,
मां है ललित रुबाई-सी.

मां वेदों की मूल चेतना,
मां गीता की वाणी-सी,
मां त्रिपिटिक के सिद्ध सुक्त-सी,
लोकोक्तर कल्याणी-सी.

मां द्वारे की तुलसी जैसी,
मां बरगद की छाया-सी,
मां कविता की सहज वेदना,
महाकाव्य की काया-सी.

मां अषाढ़ की पहली वर्षा,
सावन की पुरवाई-सी,
मां बसन्त की सुरभि सरीखी,
बगिया की अमराई-सी.

मां यमुना की स्याम लहर-सी,
रेवा की गहराई-सी,
मां गंगा की निर्मल धारा,
गोमुख की ऊंचाई-सी.

मां ममता का मानसरोवर,
हिमगिरि-सा विश्वास है,
मां श्रृद्धा की आदि शक्ति-सी,
कावा है कैलाश है.

मां धरती की हरी दूब-सी,
मां केशर की क्यारी है,
पूरी सृष्टि निछावर जिस पर,
मां की छवि ही न्यारी है.

मां धरती के धैर्य सरीखी,
मां ममता की खान है,
मां की उपमा केवल है,
मां सचमुच भगवान है.

2. बेसन की सोंधी रोटी पर: निदा फाजली

बेसन की सोंधी रोटी पर,
खट्टी चटनी जैसी मां.

याद आती है चौका-बासन,
चिमटा फुकनी जैसी मां.

बांस की खुर्री खाट के ऊपर,
हर आहट पर कान धरे.

आधी सोई आधी जागी,
थकी दोपहरी जैसी मां.

चिड़ियों के चहकार में गूंजे,
राधा-मोहन अली-अली.

मुर्गे की आवाज से खुलती,
घर की कुंडी जैसी मां.

बिवी, बेटी, बहन, पड़ोसन,
थोड़ी थोड़ी सी सब में.

दिन भर इक रस्सी के ऊपर,
चलती नटनी जैसी मां.

बांट के अपना चेहरा, माथा,
आंखें जाने कहां गई.

फटे पुराने इक अलबम में,
चंचल लड़की जैसी मां.


2 टिप्‍पणियां:

स्वागत है आप का इस ब्लौग पर, ये रचना कैसी लगी? टिप्पणी द्वारा अवगत कराएं...