ब्लौग सेतु....

25 सितंबर 2026

मेरा हाल सोडियम-सा है* ( लम्बी तेवरी, तेवर-शतक )

 

मेरा हाल सोडियम-सा है*  

( लम्बी तेवरी, तेवर-शतक ) 


सृजन काल - 1986


……………



इस सिस्टम ने जन कूटा है

कौन यहाँ पर बचा लेखनी । 1



गर्दन में चाहे फंदा है
सच बोलूंगा सदा लेखनी । 2



मैंने हँस-हँस जहर पिया है
मैं ‘मीरा-सा’ रहा लेखनी । 3



मेरा स्वर कुछ बुझा-बुझा है
मैं मुफ़लिस की सदा लेखनी । 4



मेरे हिस्से में पिंजरा है
तड़पे मन का ‘सुआ’ लेखनी । 5



मेरा ‘पर’ जब-जब बाँधा है
आसमान को तका लेखनी । 6



मन के भीतर घाव हुआ है
मैं दर्दों से भरा लेखनी । 7



आदमखोरों से लड़ना है
तुझको चाकू बना लेखनी । 8



हर अल्फ़ाज़ आग जैसा है
कविता में जो रखा लेखनी । 9



छल सरपंच बना बैठा है
इस पै अँगुली उठा लेखनी । 10



जो सोया भूखा-प्यासा है
उसको रोटी जुटा लेखनी । 11



हर मन अंगारे जैसा है
तू दे थोड़ी हवा लेखनी । 12



इसका दम्भ तोड़ देना है
ये है खूनी किला लेखनी । 13



तुझसे जन्मों का नाता है
तू मेरी चिरसखा लेखनी । 14



मुझको क्रान्ति-गीत गाना है
मैं शायर सिरफिरा लेखनी । 15



मुझमें क्रान्ति-भरा किस्सा है
मुझको आगे बढ़ा लेखनी । 16



मुझमें डाइनामाइट-सा है
ये भी दूंगा दिखा लेखनी । 17



सच हर युग ऐसा धागा है
जिसने हर दुःख सिया लेखनी । 18



कुम्भकरण जैसा सोया है
तू निज़ाम को जगा लेखनी । 19



मुझ में जोश तोप जैसा है
तू जुल्मी को उड़ा लेखनी । 20



‘सोच’ आग-सा धधक रहा है
मन कंचन-सा तपा लेखनी । 21



ये ख़याल मन उभर रहा है
मैं रोटी, तू तवा लेखनी । 22



जिबह कबूतर खुशियों का है
पंखों को फड़फड़ा लेखनी । 23



सिसके निश-दिन मानवता है
शेष नहीं कहकहा लेखनी । 24



हर कोई बस कायर-सा है
बार-बार ये लगा लेखनी । 25



यहाँ बोलबाला छल का है
सबने सबको ठगा लेखनी । 26



खामोशी से कब टूटा है
शोषण का सिलसिला लेखनी । 27



खल पल-पल कर जुल्म रहा है
इसके चाँटे जमा लेखनी । 28



घर के आगे ‘क्रान्ति’ लिखा है
मेरा इतना पता लेखनी । 29



जिन पाँवों में कम्पन-सा है
बल दे, कर दे खड़ा लेखनी । 30



‘झिंगुरी’ को गाली देता है
अब जब ‘होरी’ मिला लेखनी । 31



मैंने ‘गोबर’ को देखा है
नक्सलवादी हुआ लेखनी । 32



‘धनिया’ ने ‘दाता’ पीटा है
दिया मज़ा अब चखा लेखनी । 33



खूनी उत्सव रोज़ हुआ है
ये कैसी है प्रथा लेखनी । 34



घुलता साँसों में विष-सा है
कैसी है ये हवा लेखनी । 35



महज पतन की ही चर्चा है
सामाजिक-दुर्दशा लेखनी । 36



जन चिल्ला-चिल्ला हारा है
बहरों की थी सभा लेखनी । 37



अपने को नेता कहता है
जो साजिश में लगा लेखनी । 38



वही आज ऊँचा पहुँचा है
जो गुण्डों का सगा लेखनी । 39



सुख तो एक अदद लगता है
दर्द हुआ सौ गुना लेखनी । 40



धर्मराज फिर से खेला है
आदर्शों का जुआ लेखनी । 41


जो मक्कार और झूठा है
वो ही हर युग पुजा लेखनी । 42



राजा रसगुल्ले खाता है
भूखी है पर प्रजा लेखनी । 43



जज़्बातों से वो खेला है
सबका बनकर सगा लेखनी । 44



सुन वसंत तब ही आया है
पात-पात जब गिरा लेखनी । 45



मुझमें ‘दुःख’ ऐसे तनता है
ज्यों फोड़े हो पका लेखनी । 46



कैसे कह दूँ अंगारा है
जो भीतर तक बुझा लेखनी । 47



मेरा हाल ‘सोडियम’-सा है
मैं पानी में जला लेखनी । 48



भले आज तम का जल्वा है
लेकिन ये कब टिका लेखनी । 49



कैसा नाटक रचा हुआ है
लोग रहे सच छुपा लेखनी । 50



उसका अभिनंदन करना है
जो अपने बल उठा लेखनी । 51



जन के लिये न्याय बहरा है
चीख-चीख कर बता लेखनी । 52



जिनको भी अपना समझा है
वे करते सब दगा लेखनी । 53



अनाचार से नित लड़ना है
फड़क रही है भुजा लेखनी । 54



अंधकार कुछ तो टूटा है
बार-बार ये लगा लेखनी । 55



तू चलती, लगता चलता है
साँसों का सिलसिला लेखनी । 56



जीवन-भर संघर्ष किया है
मैं दर्दों में जिया लेखनी । 57



और नहीं जग में तुझ-सा है
जो दे उत्तर सुझा लेखनी । 58



कैसे सत्य कहा जाता है
सीख तुझी से लिया लेखनी । 59



उन हाथों में अब छाला है
कल थी जिन पै हिना लेखनी । 60



चक्रब्यूह ये प्रश्नों का है
अभिमन्यु फिर घिरा लेखनी । 61



आकर मन जो दर्द बसा है
कब टाले से टला लेखनी । 62



मन तहखानों में पहुँचा है
जब भी सीढ़ी चढ़ा लेखनी । 63



टुकड़े-टुकड़े महज रखा है
नेता ने सच सदा लेखनी । 64



छल स्वागत में खड़ा मिला है
जिस-जिस द्वारे गया लेखनी । 65



जिसमें प्रभा-भरा जज़्बा है
वह हर दीपक बुझा लेखनी । 66



जिसको सच का नभ छूना है
पाकर खुश है गुफा लेखनी । 67



‘बादल देगा जल’ चर्चा है
मौसम फिर नम हुआ लेखनी । 68



पग मेरा अंगद जैसा है
अड़ा जहाँ, कब डिगा लेखनी । 69



प्रस्तुत उनको ही करना है
जिन शब्दों में प्रभा लेखनी । 70



मुंसिफ के हाथों देखा है
अदालतों में छुरा लेखनी । 71



शान्तिदूत खुद को कहता है
मन में नफ़रत बसा लेखनी । 72



सबको पंगु बना बैठा है
ये पश्चिम का नशा लेखनी । 73



उसके साथ आज थाना है
जो चोरों का सगा लेखनी । 74



अनाचार बनकर बैठा है
ईमानों का सखा लेखनी । 75



सच जब भी शूली लटका है
‘भगत सिंह’-सा हँसा लेखनी । 76



मल्टीनेशन जाल बिछा है
जन कपोत-सा फँसा लेखनी । 77



घर-घर में पूजा जाता है
बिनलौनी का मठा लेखनी । 78



नयी सभ्यता का पिंजरा है
इसमें खुश हर सुआ लेखनी । 79



जिसमें दम सबका घुटता है
भाती वो ही हवा लेखनी । 80



मृग जैसा मन भटक रहा है
ये पश्चिम की तृषा लेखनी । 81



पल्लू थाम गाँव पहुँचा है
महानगर का नशा लेखनी । 82



जिधर झूठ का भार रखा है
उधर झुकी है तुला लेखनी । 83



आज आस्था पर हमला है
मूल्य धर्म का गिरा लेखनी । 84



देव-देव सहमा-सहमा है
असुर लूटते मजा लेखनी । 85



अब रामों सँग सूपनखा है
त्यागी सबने सिया लेखनी । 86



आज कायरों कर गीता है
अजब देश में हवा लेखनी । 87



चीरहरण खुद कर डाला है
द्रौपदि अब बेहया लेखनी । 88



मनमेाहन गद्दी बैठा है
किन्तु कंस-सा लगा लेखनी । 89



जहाँ नाचती मर्यादा है
डिस्को का क्लब खुला लेखनी । 90



सबको लूट बना दाता है
जो मंचों पर दिखा लेखनी । 91



मानव जब मति से अंधा है
क्या कर लेगा दिया लेखनी । 92



हमने बगुलों को पूजा है
हंस उपेक्षित हुआ लेखनी । 93



छल का रूप साधु जैसा है
तिलक! चीमटा! जटा! लेखनी । 94



वह जो वैरागी दिखता है
माया की लालसा लेखनी । 95



नदी निकट बगुला बैठा है
रूप भगत का बना लेखनी । 96



जनहित में तेवर बदला है
चीख नहीं है वृथा लेखनी । 97



हर तेवर आक्रोश-भरा है
यह सिस्टम नित खला लेखनी । 98



इन तेवरियों से मिलता है
असंतोष का पता लेखनी । 99



तेवर-तेवर अब तीखा है
जन-जन की है व्यथा लेखनी । 100



मन ‘विरोध’ से भरा हुआ है
खल के प्रति अति घृणा लेखनी।101



पूछ न आज तेवरी क्या ?
बनी अग्नि की ऋचा लेखनी । 102
—————————
+रमेशराज, 15/109, ईसानगर, अलीगढ़-202001


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

स्वागत है आप का इस ब्लौग पर, ये रचना कैसी लगी? टिप्पणी द्वारा अवगत कराएं...